न्यू हरिद्वार में एक पुरानी इमारत में मरम्मत कार्य के दौरान इमारत ढह गई। हादसे में तीन लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसे के वक्त इमारत में बच्चों सहित दस लोग मौजूद थे।
एसएसआई अनुज सिंह ने बताया कि देवभूमि अस्पताल, न्यू हरिद्वार के पास ब्रह्मपाल त्यागी की पुरानी घर है। पिछले दो माह से उसकी मरम्मत कार्य चल रहा था। मकान मालिक दीवारें हटाकर पिलर खड़े करवा रहा था।
मकान की बुनियाद कमजोर
लापरवाही से काम होने के कारण मकान की बुनियाद कमजोर हो गई। मकान के दूसरी मंजिल पर कुछ किराएदार भी रहते थे। घटना शनिवार दोपहर दो बजे के करीब घटी। इमारत ढहने से पहले झूलने लगी थी, कुल पल के लिए इमारत तिरछी होकर ठहर गई।
घायलों की हालत खतरे से बाहर
इस दौरान मकान में मौजूद महिलाओं, बच्चों और अन्य लोगों को सकुशल निकाले जाने लगा। लेकिन, मकान मालिक का बेटा मोनू त्यागी, किराएदार गणेश और एक मजदूर निकलने के प्रयास में थे, तभी इमारत ढह गई। तीनों के सिर और पैर में चोट आई है।
आनन-फानन में घायलों को अस्पताल ले जाया गया। घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसे के बाद दमकल विभाग और अन्य अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया।