शुक्रवार देर शाम करीब साढ़े सात बजे पैठाणी से जाख मार्ग पर तीन लोग मलबे की चपेट में आ गए। दो लोगों को तो बचा लिया गया। हादसे में पांच साल की बच्ची प्रियंका मलबे में बह गई।
उसका कुछ अता-पता नहीं चल पाया है। राजेंद्र सिंह और नंदी देवी को मौके पर मौजूद लोगों ने पाबौ अस्पताल में भर्ती कराया। ये लोग कठोल गांव के हैं।पैठाणी से जीप (के-12 टीए-0917) में सवार होकर अपने गांव जा रहे थे कि पैठाणी-जाख मार्ग पर डबरा नर्सरी के पास तेज बारिश के चलते पहाड़ी से मलबा आ गिरा तो जीप चालक ने वहीं गाड़ी रोक दी।
कुछ देर बाद मलबा गिरना बंद हुआ तो उक्त लोग पैदल ही आगे जाने लगे, लेकिन फिर से मलबा गिर गया जिसकी चपेट में ये लोग आ गए। घटना की सूचना मिलने के बाद एडीएम रामजी शर्मा मौके के लिए रवाना हो गए हैं।