उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र में सोमवार को अलग-अलग हुए सड़क हादसों में तीन की मौत हो गई जबकि 20 घायल हो गए। धारचूला में पिथौरागढ़-तवाघाट हाइवे पर स्थित बलुवाकोट कस्बे में रविवार की रात करीब 11 बजे तेज गति से आ रही एक बोलेरो ने पंजाब के रोपड़ निवासी जगताप सिंह, नेपाल निवासी कृष्ण सिंह और महेंद्र सिंह को रौंद दिया।
इनमें से महेंद्र सिंह की इलाज के दौरान धारचूला अस्पताल में मौत हो गई। गंभीर रूप से दो घायलों का इलाज चल रहा है। पुलिस ने रात ही में वाहन चालक को गिरफ्तार कर वाहन सीज कर दिया है।
रुद्रपुर में तेज अनियंत्रित टैंकर की चपेट में आने से बाइक पर रामपुर की केमरी निवासी दीक्षा (16) की मौत हो गई, जबकि उसके मां वीरू और पिता प्रेमपाल घायल हो गए। यह परिवार किसी काम से रुद्रपुर आया था और लौटते वक्त हादसा हो गया। वहीं, रुद्रपुर में ही सरदार भगत सिंह महाविद्यालय के कोषाध्यक्ष प्रत्याशी शुभम कुमार कोली पुत्र शिशुपाल की बाइक को तेज अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।