रायपुर स्टेडियम में होने वाले द ग्रेट खली रिटर्न्स रेसलिंग शो के दौरान शहर के तीन अस्पताल अलर्ट पर रहेंगे। डीएम रविनाथ ने इन अस्पतालों में अतिरिक्त व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए हैं।
शुक्रवार को डीएम ने कलेक्ट्रेट सभागार में खली के शो की तैयारी की समीक्षा के लिए विभिन्न विभागों की बैठक ली। बैठक में सबसे ज्यादा फोकस कानून व्यवस्था, सड़कों की स्थिति और स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था पर रहा।
हल्द्वानी की घटना के मद्देनजर एहतियात के तौर पर दून अस्पताल, कोरोनेशन अस्पताल और रायपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को अलर्ट पर रखने के निर्देश सीएमओ को दिए। इन अस्पतालों में विशेषज्ञ डाक्टरों और स्टाफ को भी अलर्ट रखने को कहा गया है।
दून अस्पताल में 12 बेड और कोरोनेशन व रायपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पांच-पांच अतिरिक्त बेड की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा स्टेडियम में एक फिजिशियन, एक आर्थोपेडिक, चार फार्मासिस्ट और अन्य पैरा मेडिकल स्टाफ की तैनाती की जाएगी।
बैठक में स्कूली बच्चों को स्टेडियम तक पहुंचाने, सड़कों पर पानी का छिड़काव करने आदि मुद्दों पर भी विचार विमर्श हुआ। बैठक में एसएसपी डॉ. सदानंद दाते, एडीएम प्रताप शाह, सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. ललित नारायण मिश्र, सीएमओ डॉ एसपी अग्रवाल आदि मौजूद रहे।