दून पांवटा राजमार्ग पर रामपुर शंकरपुर के पास निजी भूखंड में लगे तून के तीन हरे पेड़ साफ कर दिए गए। भूखंड स्वामी ने सहसपुर थाने में तहरीर दी है। बृहस्पतिवार को भूमि संरक्षण वन प्रभाग कालसी की चौहड़पुर रेंज को रामपुर शंकरपुर में तीन हरे पेड़ों के कटान की सूचना मिली। वन क्षेत्राधिकारी चौहड़पुर सुनील गैरोला ने बताया कि मौके पर तून के हरे पेड़ के प्रकाष्ट मिले। उन्होंने भूखंड स्वामी प्रेमनगर निवासी रजत अरोड़ा को मौके पर बुलाया। रजत ने पेड़ों की कटान की बात से इन्कार किया। उसके बाद वन क्षेत्राधिकारी ने भूखंड स्वामी को पेड़ों के कटान के लिए थाने में तहरीर देने के लिए कहा। थाना प्रभारी सहसपुर मुकेश त्यागी ने बताया कि भूखंड स्वामी की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।