मित्तल दंपती की जमीन फर्जीवाड़ा कर बेचने के मामले में गिरफ्तार सहारनपुर के हिस्ट्रीशीटर समेत तीनों आरोपियों को पुलिस ने बृहस्पतिवार को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर तीनों को जेल भेज दिया गया है।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि डीके मित्तल निवासी गुरुनानक रोड क्लेमेंटटाउन ने पटेलनगर में सात दिसंबर 2021 को एक मुकदमा दर्ज कराया था। उन्होंने हुमायूं परबेज और मोहम्मद वकील नाम के व्यक्तियों पर आरोप लगाया था कि उन्होंने फर्जी दस्तावेज बनाकर उनकी जमीन बेच डाली। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपी मोहम्मद वकील और फईम अहमद को गिरफ्तार कर लिया था। मामले में अगली कार्रवाई करते हुए पुलिस ने हरिप्रकाश मित्तल और उसके बेटे नवीन मित्तल निवासी बजोरिया रोड सदर बाजार सहारनपुर व इनके साथी सुशील गाबा की भूमिका भी पाई।
इन तीनों को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार किया था। आरोपियों से पूछताछ की गई तो पता चला कि हुमायूं परवेज ने मित्तल की भूमि की फर्जी रजिस्ट्री कर पैसे लिए थे। इस पैसे को गणपति डेवलपर्स के नाम से बनी फर्म के खाते में ट्रांसफर किया था।