क्रिमिनल इंवेस्टिगेशन यूनिट यानी सीआईयू और हरिद्वार पुलिस ने सर्विलांस के आधार पर कार्रवाई करते हुए केशवानंद नौटियाल पुत्र विद्यादत्त नौटियाल निवासी गांव आंताखोली चौलीसेंण कण्डारस्यूं जिला पौड़ी गढ़वाल, हाल निवासी एमटी कालोनी प्रेमनगर देहरादून को हिरासत में ले लिया था।
उसके कब्जे से धमकी देने में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी बरामद हुआ था। पूछताछ में सामने आया था कि एक ढाबे पर कार्यरत केशवानंद का आधार कार्ड नहीं बना था। वह जहां भी नौकरी के लिए जाता, उससे आईडी प्रूफ की मांग की जाती थी। इससे व्यथित होकर ही उसने सीधे सीएम के नंबर पर ही कॉल कर धमकी दे दी थी।
पता चला था कि सीएम का नंबर उसे इलाहाबाद में मिले एक युवक बॉबी ने दिया था। कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने उसकी मनोदशा को समझते हुए ग्राम प्रधान से बातचीत कर उसका आधार कार्ड बनवाने के लिए पहल की थी।
वह आधार की औपचारिकता पूरी कर चुका था, लेकिन उसे नहीं मालूम था कि आधार उसे मिलेगा कैसे। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि केशवानंद को आधार कार्ड सौंप दिया गया है, वह फिलहाल अपने गांव में ही है।