बुधवार को मंडी में 160 रुपये किलो की दर से बिका टमाटर
दिल्ली समेत देश की अन्य मंडियों में की जा रही आपूर्ति
इस साल टमाटर की खेती जौनसार बावर के किसानों को लिए मुफीद साबित हुई है। किसानों को उम्मीद से कई गुना अधिक दाम मिल रहे हैं। कोटा गांव के एक किसान अब तक साढ़े तीन लाख रुपये के टमाटर बेच चुके हैं। बुधवार को मंडी में टमाटर 160 रुपये प्रति किलो की दर से बिक रहा था। अच्छे दाम मिलने के चलते किसानों को चेहरे खिल उठे हैं।
दिल्ली समेत देश की अन्य मंडियों में टमाटर की आपूर्ति की जा रही है। टमाटर के दामों ने कई सालों का रिकाॅर्ड तोड़ दिया है। कोटा गांव के भगत सिंह तोमर ने बताया कि वह इस सीजन में साढ़े तीन लाख रुपये के टमाटर बेच चुके हैं। बुधवार को साहिया मंडी में टमाटर की क्रेट चार हजार रुपये की बिकी।
जनजातीय क्षेत्र के क्वानू, अस्टी, आरा, जामुआ, मटियावा, दोहा, झूसोऊ, खोख्टी, मरलोऊ, बढोडा, शैली, समाल्टा , कुरोली, उदपाल्टा, साहिया छानी, बुहारखेडा, पाटन, जड़वाला, चंदोऊ, खोई, सुपोऊ, लोरली, अस्टाड, ढकियारना, कोरूवा, कोटी, तारली, बढ़ोगी खेडा, नराया, तुनिया, खेरूवा, कोटी सहित क्षेत्र के 150 से अधिक गांवों में टमाटर की खेती की जाती है।
उपरोली गांव के देवानंद शर्मा ने बताया कि उसके खेतों से रोज 10-12 क्रेट टमाटर निकल रही है। इस साल उनकी फसल 3500-4000 रुपये प्रति क्रेट की दर से आसानी से बिकी। कई सालों बाद किसानों को इतना मुनाफा हो रहा है।
बयान...
पहली बार देखने को मिल रहा है कि साहिया में टमाटर चार हजार रुपये क्रेट के हिसाब से बिका। टमाटर जौनसार बावर की प्रमुख नकदी फसलों में से एक है। अच्छे दाम मिलना किसानों के हित में है। - जगमोहन सिंह चौहान, सभापति, मंडी समिति, साहिया