शुक्रवार की सुबह लगा सूर्य ग्रहण समाप्त हो गया है। ज्योतिषों के मुताबिक ग्रहण के बाद कुछ काम जरूर करने चाहिए। ज्योतिष पंडित रमेश सेमवाल ने बताया कि 13 जुलाई को सूर्य ग्रहण सुबह 7 बजे शुरू हुआ और 9 बजकर 44 मिनट तक रहा। यह ग्रहण लगभग 2 घंटे 44 मिनट तक रहा। अब सूर्यग्रहण के खत्म होने के बाद बुरे प्रभाव से खुद को और अपने घर को बचाने के लिए कुछ उपाय करना बेहद जरूरी होता है। ग्रहण के तुरंत बाद सबसे पहले नहाना चाहिए। घर में मंदिर में मौजूद, भगवानों की मूर्तियों को नहलाकर गंगाजल छिड़कना चाहिए। मूर्तियों और खुद को शुद्ध करने के बाद घर में धूप-बत्ती करनी चाहिए। घरों को भी पानी से धोना चाहिए। तुलसी के पौधे को भी गंगाजल डालकर स्वच्छ करना चाहिए। ग्रहण के बाद दान-पुण्य भी करना चाहिए। इससे ग्रहण के सारे कष्ट दूर होतें हैं और घर में सुख-समृद्धि का वास होता है।