थाना क्षेत्र के तिपरपुर गांव में दुकान के ताले तोड़कर चोर करीब 5500 रुपये नकदी और समान चोरी कर ले गए। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर जांच शुरु कर दी है। कुछ संदिग्ध लोगों को भी हिरासत में लिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सभावाला क्षेत्र के तिपरपुर में बृजपाल की ईशिका चौहान कॉस्मेटिक नाम से दुकान है। रविवार सुबह बृजपाल दुकान पर गए। उन्होंने देखा कि दुकान के ताले टूटे हुए हैं। शटर खोलकर देखा तो अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। दुकानदार के मुताबिक गल्ले से 5500 रुपये की नकदी गायब थी। चोर दुकान से अन्य सामान्य भी चोरी कर ले गए थे। दुकानदार की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। थाना प्रभारी गिरीश नेगी ने बताया कि चोरी की घटना की जांच की जा रही है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार किया जाएगा।