गांधी चौक क्षेत्र में प्राइवेट नंबर की कार में हूटर लगाकर हुड़दंग करना चार लोगों को महंगा पड़ गया। पुलिस ने हूटर उतारकर कार को सीज कर दिया। साथ ही हुड़दंग के आरोप में चार लोगों का पुलिस एक्ट में चालान कर दिया।
शहर कोतवाल शंकर सिंह बिष्ट ने बताया, दिल्ली नंबर की ग्रे रंग की लाल बत्ती लगी कार का चालक हूटर का प्रयोग कर रहा था। कार में सवार तीन व्यक्ति हुड़दंग मचा रहे थे। कार को रोका गया तो चालक सहित चारों लोगों ने शराब पी हुई थी। ये लोग हुड़दंग मचा रहे थे। उन्होंने बताया, कार को एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया। चालक का 185 एमवी एक्ट और अन्य तीन का 81 पुलिस एक्ट में गिरफ्तार किया गया। कार में परमेंद्र निवासी ग्राम किठाणा पट्टी गैला पट्टी, थाना किठाणा, जिला कैथल, हरियाणा, सौरभ रावत निवासी किशनपुर, देहरादून, जोगेंद्र औ्र प्रमोद निवासी ग्राम विजवासा, नई दिल्ली के खिलाफ कार्रवाई की गई।