विभागीय मंत्री के निर्देश पर निदेशक ने जारी किया आदेश
राज्यस्तर पर समय-समय पर होगी सुरक्षा की समीक्षा
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। चमोली जिले में छात्र-छात्राओं के यौन शोषण एवं छेड़खानी की घटना को देखते हुए सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाए गए हैं। शिक्षा मंत्री के निर्देश पर प्रदेश के सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को ऐसी घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू करने के लिए कहा गया है। साथ ही राज्यस्तर पर समय-समय पर इसकी समीक्षा की जाएगी।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल कुमार सती ने चमोली जिले के एक राजकीय इंटर कॉलेज में अतिथि शिक्षक यूनुस अंसारी के छात्र-छात्राओं के यौन शोषण व छेड़खानी की घटना को दुखद व चिंताजनक बताया। उन्होंने बताया कि विभागीय मंत्री डॉ़ धन सिंह रावत के निर्देश पर इस प्रकरण में सख्त कार्रवाई की जा रही है। साथ ही ऐसे घटनाएं फिर से न हों इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारियों को विद्यालयों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने एवं विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। शिक्षा निदेशक ने बताया कि चमोली जनपद में विकासखंड स्तर पर गठित समिति ने अगस्त 2015 में राजनीति विज्ञान विषय में प्रवक्ता पद पर यूनुस अंसारी का चयन किया था ।
छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विभागीय अधिकारियों को विद्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। डॉ़ धन सिंह रावत, विद्यालयी शिक्षा मंत्री