अग्निशमन केंद्र डाकपत्थर को बृहस्पतिवार को सरकारी अस्पताल में आग लगने की सूचना मिली। इससे दमकलकर्मियों में हड़कंप मच गया। मौके पर पांच दमकल अस्पताल रोड पर पहुंचे। यहां पता चला कि अस्पताल के पास डेयरी में आग लगी है। टीम के पहुंचने से पहले ही लोगों ने काफी हद तक आग पर काबू पा लिया था। दमकलकर्मियों ने आग को पूरी तरह से बुझाया। शॉर्ट सर्किट को दुकान में आग लगने का कारण बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार शाम करीब 4.35 पर अग्निशमन केंद्र डाकपत्थर को उप जिला अस्पताल में आग लगने की सूचना मिली। एफएसओ पीएस नेगी तीन दमकल वाहनों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुए। हरबर्टपुर अंतरराज्यीय बस अड्डे पर खड़े दो दमकल वाहनों को भी अस्पताल बुलवा लिया गया। जब दमकलकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे तो देखा कि अस्पताल में आग लगने की कोई घटना नहीं हुई है। अस्पताल के पास खजान सिंह चौहान की डेरी में आग लगी थी। डेरी संचालन और स्थानीय लोग फायर सिलिंडर से आग को बुझा रहे थे। एफएसओ ने बताया कि दमकलकर्मियों ने आग को पूरी तरह से बुझा दिया। बताया कि दुकान का काउंटर आग से जल गया।