तहसील मुख्यालय कालसी और आसपास के क्षेत्रों में सोमवार की रात से मंगलवार सुबह तक करीब 11 घंटे विद्युत आपूर्ति बाधित रही। लोगों को पूरी रात अंधेरे और गर्मी में काटनी पड़ी। वहीं, मोबाइल टॉवर बंद होने से क्षेत्र में संचार सेवा ठप हो गई। मंगलवार की सुबह घरों में पानी की आपूर्ति भी नहीं हुई।
तहसील मुख्यालय के कालसी बाजार, आमबाग, जामनसोत, डेरी फार्म कॉलोनी, वन विभाग कॉलोनी व्यास भूड, कालसी गेट, व्यास नहरी, हरिपुर आदि क्षेत्रों में सोमवार शाम से ही बिजली की आंख मिचौनी शुरू हो गई थी। रात करीब 11 बजे विद्युत आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई। लोगाें की रात इंतजार में कट गई, लेकिन बिजली नहीं आई। कई लोगों के इन्वर्टर भी जवाब दे दिए। मोबाइल टावर बंद होने से लोग ऊर्जा निगम के अधिकारियों से संपर्क भी नहीं कर सके। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे विद्युत आपूर्ति बहाल हुई। ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता अमित सक्सेना ने बताया कि हरिपुर-कालसी स्थित विद्युत गृह की केबल खराब हो जाने के कारण आपूर्ति बाधित हुई थी, जिसे सही कराकर बिजली बहाल कर दी गई है।