उधार के रुपयों के लेनदेन को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस दौरान एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने एक पक्ष पर हत्या के प्रयास और दूसरे पक्ष बलवा, मारपीट, आपराधिक आदि सबंधी धाराओंं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस को दी तहरीर में सहसपुर निवासी राजेश कुमार भूमिया ने बताया कि सहसपुर निवासी शुभम ने उनके बेटे राजा भूमिया से पांच हजार रुपये उधार लिए थे। बताया कि कई बार उनके बेटे ने शुभम से रुपये वापस मांगे, लेकिन उसने पैसे नहीं दिए। बताया कि 27 जून की शाम शुभम ने बेटे राजा भूमिया को फोन कर रुपये देने के लिए बुलाया। बताया कि उनका बेटा शुभम के पास पहुंचा। इस दौरान शुभम और उसके साथ सागर ने बेटे के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। कहा रोज रुपये मांगता है, आज तेरा किस्सा खत्म कर देता हूं। बताया कि शुभम ने रॉड से बेटे के सिर पर कई बार हमला कर उसे लहुलूहान कर दिया। बताया कि निजी अस्पताल में भर्ती उनके बेटे की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, सहसपुर निवासी नेहा ने बताया कि उनका भाई शुभम अपनी फास्ट फूड की दुकान चलाता है। बताया 27 जून की शाम को उनका भाई अपनी दुकान में काम कर रहा था। इस बीच वहां राजा और उसकी दीदी गीता देवी आ गई। बताया कि दोनों मेरे भाई के साथ पैसे के लेन देन के विषय मे बातचीत कर रहे थे। दोनों 2500 रुपये के पांच हजार रुपये मांग रहे थे। बताया कि भाई ने जल्दी ही पैसे वापस करने को कहा, लेकिन राजा और उसकी दादी गीता ने भाई के साथ मारपीट शुरू कर दी। कहा कि बीच बचाव करने पर उनके साथ भी मारपीट की गई। बताया कि इस बीच राजा ने कुछ बदमाशों को फोन किया। मौके पर 10 से 15 लड़के आए गए। सुरेश कश्यप, शुभम, वैभव शर्मा, हिमांशु, राजू और अनमोल कंडवाल ने अपनी बाइक से लोहे की रॉड निकाली और भाई को मारते हुए राजकुमार के घर तक ले गए। बताया कि सभी ने परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।
थाना प्रभारी सहसपुर मुकेश त्यागी ने बताया कि शुभम और सागर आदि पर हत्या के प्रयास और अन्य संबंधी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। बताया कि राजा भूमिया, वैभव, शुभम, अनमोल, हिमांशु आदि पर बलवा, मारपीट, आपराधिक धमकी आदि संबंधी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बताया कि मामले की जांच की जा रही है।