राजकीय महाविद्यालय डाकपत्थर के सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना के शिविर में पहुंचे पूर्व खेल मंत्री नारायण सिंह राणा ने कहा कि छात्रों को जीवन में अपना एक लक्ष्य निर्धारित कर उस तक पहुंचने के लिए कड़ी मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शार्ट कट नहीं होता है। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, मेहनत, लगनशीलता, धैर्य, सच्चाई और समय का सदुपयोग करने वाले व्यक्ति जीवन में निश्चित रूप से सफलता प्राप्त करते हैं। उन्होंने कहा कि जो विद्यार्थी अपने लक्ष्य या उद्देश्य को प्राप्त करने के लिए प्रतिबद्ध होते हैं, वह लक्ष्य तक पहुंचते हैं। राष्ट्रीय सेवा योजना की वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राजकुमारी भंडारी चौहान ने स्वयंसेवकों की ओर से ग्रामीण क्षेत्र में जो विभिन्न गतिविधियां संचालित की गई, उसकी जानकारी दी। इस अवसर पर छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। वरिष्ठ साहित्यकार हेमचंद सकलानी ने प्रतिभावान छात्रों को सम्मानित किया। इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दिलीप कुमार भाटिया, विधानसभा के पूर्व सूचना अधिकारी भारत चौहान, सामाजिक कार्यकर्ता राकेश उत्तराखंडी, चेतराम, सचिन, तुषार कपूर, छात्र संघ महासचिव प्रियांशु, कोषाध्यक्ष वंशिका दयाल, टीम लीडर पारस आदि उपस्थित रहे।