शहर की अधिकांश सड़कों में कई जगह रेलिंग क्षतिग्रस्त होने और क्रैश बैरियर नहीं होने से हादसों का खतरा बना हुआ है। लोग कई बार क्रैश बैरियर लगाने की मांग कर चुके हैं, लेकिन इस दिशा में लोनिवि की ओर से कोई कदम नहीं उठाए गए हैं।
शहर की काट मैकेंजी रोड, एलकेडी रोड, कैंपटी रोड, दून मार्ग, रिखोली, किमाड़ी मार्ग, धनोल्टी मार्ग, थत्युड़ मार्ग, टिहरी मार्ग सहित कई अन्य मार्गों पर क्रैश बैरियर नहीं हैं। इससे पूर्व में कई बार वाहन दुर्घटना के शिकार हो चुके हैं। शहर के कई प्रमुख मार्गों पर लगी रेलिंग क्षतिग्रस्त है। पूर्व सभासद पंकज खत्री ने बताया कि कई बार प्रशासन की बैठक में क्रैश बैरियर लगाने की मांग उठती रही है, लेकिन इस दिशा में कोई कदम संबंधित विभाग ने नहीं उठाए।
वहीं, लोनिवि के ईई जितेंद्र त्रिपाठी का कहना है कि काट मैकेंजी रोड, मसूरी रोड पर क्रैश बैरियर लगाने की स्वीकृति के बाद टेंडर लग चुके हैं, शीघ्र कार्य शुरू किया जाएगा। इसके अलावा एलकेडी मार्ग का एग्रीमेंट जल्दी होने वाला है। प्रथम चरण में जहां भी जरूरी था वहां पर क्रैश बैरियर लगाए जा रहे हैं। इसके बाद अन्य स्थानों पर दूसरे चरण में क्रैश बैरियर लगाए जाएंगे।