ग्राहकों को दी हल्की सी राहत लेकिन अभी भी आम आदमी की पहुंच से दूर
बीते सप्ताह 199 रुपये प्रति किग्रा की दर से बिका था टमाटर
टमाटरों के दामों में कुछ कमी आई है। हालांकि अभी भी यह ग्राहकों की पहुंच से दूर है। सोमवार को मंडी परिषद विकासनगर की ओर से लगाए गए स्टॉल पर टमाटर 80 रुपये प्रति किग्रा की दर से बिका। वहीं थोक रेट 130 रुपये रहा। बाजार में अच्छी क्वालिटी का टमाटर 140 रुपये तक बिका।
बीते सप्ताह टमाटर का बाजारी मूल्य 199 रुपये प्रति किग्रा तक पहुंच गया था। दामों में आई कमी से ग्राहकों को थोड़ी बहुत राहत मिली हैं। महंगाई के चलते लोग टमाटर खरीदने से बच रहे हैं। क्षेत्र में नासिक से टमाटर की आपूर्ति होती है, लेकिन पर्याप्त आपूर्ति न होने के चलते टमाटर के दम बढ़ गए हैं। वहीं जौनसार बावर का पहाड़ी टमाटर मंडियों में हाथों हाथ बिक रहा है। इस टमाटर की सप्लाई राजस्थान और यूपी के अलीगढ़ में हो रही है। सोमवार को क्वालिटी के अनुसार टमाटर की एक क्रेट दो से तीन हजार रुपये के बीच बिकी।
सब्जी विक्रेता अभिषेक गुप्ता ने बताया कि नासिक के टमाटर की बाजार में पर्याप्त सप्लाई नहीं हो रही है। जिस कारण टमाटर के दाम अधिक हैं। क्वालिटी के अनुसार टमाटर 100-140 रुपये के बीच बिका। वहीं टमाटर विक्रेता राजन ने बताया कि नासिक के टमाटर की एक क्रेट तीन हजार रुपये तक थोक में बिक रही है। वे देहरादून की मंडी से माल मंगा रहे हैं। नासिक का टमाटर 140-150 रुपये प्रति किग्रा तक बिक रहा है।
बयान..
सोमवार को मंडी का थोक रेट 130 रुपये प्रति किग्रा रहा, लेकिन ग्राहकों को राहत देने के लिए मंडी परिषद की ओर से लगाए गए स्टॉलों पर टमाटर 80 रुपये प्रति किग्रा की दर से उपलब्ध कराया गया। - अनिल कुमार जैन, सभापति, मंडी परिषद विकासनगर