पिता ने अदालत का खटखटाया था दरवाजा
न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत के आदेश पर पांच लोगों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। अदालत के आदेश के अनुक्रम में सेलाकुई पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
घटनाक्रम के मुताबिक 17 मई को डिक्सन कंपनी में काम करने वाले विकास 16 साल पुत्र रमेश कुमार निवासी की कंपनी में काम करने के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मृतक के पिता ने कंपनी में लेबर सप्लाई का काम करने वाले ठेकेदार व अन्य कई लोगों पर उसके पुत्र की हत्या करने का आरोप लगाते हुए आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया था।
मृतक के पिता के अधिवक्ता इकबाल अहमद ने बताया कि अदालत ने अपील पर सुनवाई करते हुए दानिश, अमजद, डिक्सन कंपनी के जनरल मैनेजर नित्यानंद पांडेय, विनोद कुमार व संतोष पांडेय के विरुद्ध हत्या, साजिश रचने व सबूत मिटाने की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करने के आदेश सेलाकुई पुलिस को दिए हैं। उधर सेलाकुई थाना प्रभारी मोहन सिंह ने बताया कि आरोपियों पर मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी गई है।