देहरादून। नेहरू कॉलोनी क्षेत्र की डिफेंस कॉलोनी में सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी के घर हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी के आरोप में 29 वर्षीय रजनीश कुमार को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
थाना प्रभारी देवेंद्र चौहान ने बताया कि डिफेंस कॉलोनी निवासी रुचि कौशल ने 29 अक्तूबर को थाना नेहरू कॉलोनी में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 25 अक्तूबर की रात अज्ञात व्यक्ति उनके वृद्ध माता-पिता के घर की दीवार फांदकर अंदर घुसा था। इसके बाद घर में रखे लाखों रुपये के आभूषण चोरी कर लिए थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना के खुलासे के लिए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान मिले सुराग के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। शनिवार 14 नवंबर को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर विधानसभा चौक के पास से रजनीश कुमार निवासी चकशाह नगर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से चोरी किए गए आभूषण बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है। नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए उसने घर में चोरी की थी। बरामद आभूषण बेचने के लिए वह देहरादून से बाहर जाने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया।