इंद्रा नगर निवासी महिला से झांसा देकर फिर डराकर 39.9 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने महिला को मृत पति के नाम पर बैंक पॉलिशी से पैसे निकलवाने का झांसा देकर खातों में रकम डलवाई, फिर मनी लॉड्रिंग के मामले में नाम शामिल होने का डर दिखाकर ठगी की।
ऊषा गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया, उनके पति अभिनास चन्द्र गुप्ता की मौत हो चुकी है। बताया कि 21 अगस्त 2024 को उनके पास अज्ञात नंबर से कॉल आया। फोन करने वाले ने अपना नाम विवेक शुक्ला बताया और कहा कि वह आरबीआई का कर्मचारी है। उनके पति के नाम पर 50 लाख रुपये की बैंक पॉलिसी है। इसके लिए कुछ दस्तावेज तैयार करने होंगे। कहा कि इस प्रक्रिया को पूरा करने के लिए उन्हें कुछ पैसे भेजने पड़ेंगे। उन्होंने बाताें में आकर अलग-अलग खातों में कई बार में लाखों रुपये जमा करवा दिए।
जरूरी खबर: उत्तराखंड में अब आपको पुलिस की जरूरत हो या एंबुलेंस की...सीधे डायल करें 1905 नंबर
बताया कि कुछ दिन बाद फिर एक और अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले खुद को सीबीआई का कर्मचारी बताया। कहा कि मनी लॉड्रिंग के मामले में एक चीनी गैंग पकड़ा गया है। कहा कि आरोपियों से आपके बैंक खाते का विवरण भी मिला है। डर दिखाते हुए कहा कि आपको कानूनी प्रक्रिया से गुजरना पड़ेगा। इसके लिए उन्हें कुछ रकम भेजनी होगी।
घबराई महिला ने फिर से अलग-अलग बैंक खातों में रकम डलवा दी। दोनों साइबर ठगाें ने कई बार में महिला से कुल 39.9 लाख रुपये की ठगी की। पुलिस ने बताया कि साइबर ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में जांच की जा रही है।