सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निचले हिस्से में बहने वाली अमलावा नदी से हुए भू कटाव को रोकने के लिए कराए जा रहे बाढ़ सुरक्षा कार्यों का ग्रामीणों ने विरोध किया। कहा कि सुरक्षा के कार्य दोनों किनारों पर कराए जाने चाहिए।
अमलावा नदी के बहाव से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन के निचले हिस्से की जमीन पर लगे कटाव को रोकने के लिए सिंचाई विभाग नदी के प्रवाह को दूसरी दिशा में मोड़ने के उपाय कर रहा है। नदी के दूसरे किनारे पर स्थित साहिया पाटन के निवासियों ने इस प्रकार के उपायों का विरोध किया।
उनका कहना था कि साहिया पाटन में 80 परिवार निवास करते हैं। नदी का बहाव बस्ती की तरफ हो जाने से बस्ती और यहां स्थित राजकीय इंटर काॅलेज को खतरा पैदा हो जाएगा। इसलिए सिंचाई विभाग को दोनों किनारों पर सुरक्षा के उपाय करने चाहिए।
सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता पीएन राय ने ग्रामीणों को बताया कि अभी सिर्फ वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। दोनों तरफ बाढ़ सुरक्षा कार्य करवाने के लिए एस्टीमेट बनाया जा रहा है, जिस पर बाद में काम शुरू कराया जाएगा। मौके पर मौजूद रहे पूर्व राज्य मंत्री प्रताप सिंह रावत ने भी ग्रामीणों को समझने का प्रयास किया।