उत्तराखंड की पहली रैप बैटल स्पिट फायर सीजन-1 प्रतियोगिता का खिताब उत्तरांचल विश्वविद्यालय के नाम रहा। प्रतियोगिता में देश भर की 16 विभिन्न विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम की शुरुआत डिप्टी कमांडर जनरल होमगार्ड अमिताभ श्रीवास्तव, टीवी अभिनेता राहुल सुधीर, डीजे नोक्स और निश ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर किया। डीसीजी अमिताभ श्रीवास्तव ने छात्रों को अपने जुनून के लिए समय समर्पित करने के लिए प्रोत्साहित किया। वहीं, टीवी अभिनेता राहुल सुधीर ने छात्रों को अपने लक्ष्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहने और अपने माता-पिता, शिक्षकों व दोस्तों को गौरवान्वित करने का प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। रोमांचक राउंड में आयोजित रैप बैटल में छात्रों ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उत्तरांचल विवि के अभ्युदय रावत ने पहला, सुहैल शेख ने दूसरा और तुलाज इंस्टीट्यूट के रोहित कुमार ने तीसरा स्थान हासिल किया। इस मौके पर प्रो. (डॉ.) अभिषेक जोशी, प्रो. (डॉ.) श्रवण कुमार, अजय सिंह रावत समेत शिक्षक व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।