दून की वादियों में सोमवार से स्कूली बच्चों के लिए क्रिकेट का रोमांच शुरू होगा। कासीगा स्कूल के मैदान में खेले जाने वाले छठे अखिल भारतीय पीसी बत्ता मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में विभिन्न राज्यों के विद्यालयों की 16 टीमें प्रतिभाग करेंगी। आईपीएल की तर्ज पर आयोजित होने वाले टूर्नामेंट के तहत एक दिन में दो मैच खेले जाएंगे।
शनिवार को प्रेस क्लब में पत्रकारों को जानकारी देते हुए स्कूल के चेयरमैन रमेश बत्ता ने कहा, विद्यालयों के छात्र मैदान में अपना हुनर दिखा सकें, इसी मकसद से टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। बताया, 15 अप्रैल से शुरू होने वाले टूर्नामेंट में खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की तरह ही सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उद्घाटन मैच एशियन स्कूल (टीम-1) और वेल्हम बॉयज स्कूल (टीम-2) के बीच खेला जाएगा। बीसीसीआई से प्रमाणित इस मैदान में पहले भी विजय हजारे और रणजी ट्रॉफी के मैच खेले जा चुके हैं। जबकि, कई राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी अपने हुनर का जलवा दिखा चुके हैं।