वीकेंड पर सैलानियों के पहुंचने से होटल व्यवसायियों के चेहरे खिल गए हैं। शहर के 70 फीसदी होटल पर्यटकों से पैक रहे। भीड़ के कारण शहर के चौक-चौराहों पर दिनभर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही।
शनिवार को मसूरी में बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचे। इसकी वजह से सुबह से ही पर्यटक स्थलों पर चहल-पहल दिखाई दी। वाहनों की भीड़ के कारण चौक-चौराहों पर जाम की स्थिति बनी रही। मसूरी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कहा कि शहर के 70 फीसदी होटल पर्यटकों से पैक हो गए हैं। कहा, सड़कों की हालत खराब होने की वजह से सैलानियों और होटलियर को परेशानी हो रही है। गांधी चौक से लेकर जीरो प्वाइंट तक सड़क की हालत बेहद खराब है। शहर कोतवाल अरविंद चौधरी ने बताया कि शहर में सुबह से बड़ी संख्या में सैलानी पहुंच रहे हैं। चौक-चौराहों पर पुलिस के साथ ही पीएसी के जवानों को तैनात किया गया। ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए पूरे इंतजाम किए गए हैं।