झाझरा बिजलीघर में आई खराबी को ठीक करने के बाद रविवार की सुबह लगभग दस बजे क्षेत्र की आपूर्ति को पूर्णत: बहाल कर दिया गया। आपूर्ति व्यवस्था सुचारू होने से उद्योग जगत से लेकर क्षेत्र के उपभोक्ताओं तक ने राहत की सांस ली है।
तीन दिन पहले सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्र समेत आसपास के तमाम ग्रामीण इलाकों को बिजली की सप्लाई देने वाले झाझरा स्थित बिजली घर में रखे ट्रांसफार्मर के ब्रेकर जलकर राख हो गए थे। धमाके के साथ लगी आग में ट्रांसफार्मर से निकलने वाली आपूर्ति लाइनों को भी नुकसान पहुंचा था। जिससे क्षेत्र समेत औद्योगिक इकाइयों को होने वाली सप्लाई ठप हो गई थी।
हालांकि घटना के तुरंत बाद पिटकुल और यूपीसीएल के अधिकारियों ने तकनीकी कमी को ठीक करने और क्षेत्र की आपूर्ति को बहाल करने के प्रयास शुरू कर दिए थे। लेकिन फाल्ट बड़ा होने के कारण यह उम्मीद लगाई जा रही थी कि समस्या के समाधान में एक सप्ताह का समय लग जाएगा।
पिटकुल के एसई पंकज कुमार ने बताया कि उच्चाधिकारियों के दिशा-निर्देशन में सभी तकनीकी खामियों को दूर करके आपूर्ति को पूर्णत: बहाल कर दिया गया है। उधर सेलाकुई के एसडीओ विनीत गुप्ता ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र से लेकर सभी गांव और नगरीय क्षेत्रों में बिना किसी बाधा के बिजली की आपूर्ति संचालित हो रही है।