पेरिस ओलंपिक में युवा शटलर लक्ष्य सेन की जीत से ग्राफिक एरा के छात्र-छात्राएं खुशी से झूम उठे। ग्राफिक एरा के एमबीए के छात्र लक्ष्य सेन को दुनिया के तीसरी रैंक के शटलर जोनाथन क्रिस्टी को हराते देखकर छात्र-छात्राओं ने जमकर खुशी मनाई।
ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के ऑडिटोरियम में बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन के ओलंपिक मैच का सीधा प्रसारण दिखाने के लिए स्क्रीन लगाई गई थी। मैच शुरू होने से पहले ही विभिन्न पाठ्यक्रमों के छात्र-छात्राओं से ऑडिटोरियम भर गया। मैच में लक्ष्य सेन के हर शॉट पर खूब तालियां बजीं और नारे लगे। सैकड़ों छात्र-छात्राएं स्क्रीन पर नजरें टिकाकर लक्ष्य सेन का खेल देखते रहे। मैच के हर उतार-चढ़ाव के साथ ही उनकी धड़कनें तेज होती रहीं। लक्ष्य सेन के सीधे दो सेटों में इंडोनेशिया के वर्ल्ड रैंक थ्री शटलर जोनाथन क्रिस्टी को हराकर अंतिम 16 में अपनी जगह बनाई तो पूरा ऑडिटोरियम तालियां से गूंज उठा।
ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ कमल घनशाला ने ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के छात्र लक्ष्य सेन का मैच देखा और उन्हें गोल्ड मिलने का भरोसा जताया। डीम्ड यूनिवर्सिटी में कुलपति डॉ. नरपिंदर सिंह और कई शिक्षकों ने मैच का सीधा प्रसारण देखा। बता दें कि पेरिस ओलंपिक में इस बार ग्राफिक एरा के एमबीए के छात्र लक्ष्य सेन के साथ ही एमबीए की छात्रा अंकिता ध्यानी, बीबीए के सूरज पंवार और बीबीए के ही परमजीत सिंह बिष्ट एथलेटिक्स में देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। पैरा ओलंपिक में एमबीए के मनोज सरकार देश की ओर से खेलेंगे। ग्राफिक एरा उत्तराखंड का ऐसा एकमात्र विश्वविद्यालय है जिसके पांच छात्र-छात्राएं ओलंपिक में मुकाबले करेंगे। ग्राफिक एरा के पूर्व छात्र अरुण सिंह ओलंपिक खेलों में टेक्निकल सपोर्ट टीम के सदस्य के रूप में शामिल हैं।