देहरादून के रायपुर क्षेत्र में रिंग रोड स्थित शराब के ठेके के पास हुई फायरिंग की घटना के दो फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसएसपी ने 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
तीन जुलाई को हुई इस घटना में फायरिंग से दो लोग घायल हो गए थे। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पांच जुलाई को घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में सामने आया कि विवाद के दौरान गोली चलाने वाले दो आरोपी बिजनौर निवासी निपेन्द्र और अक्षय प्रधान हैं, जो घटना के बाद से फरार हैं।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों की तलाश में देहरादून और उत्तर प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है, लेकिन अब तक उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने दोनों पर 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
निपेन्द्र और अक्षय प्रधान उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के कीरतपुर थाना क्षेत्र के बाहुपुरा गांव के निवासी हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को दोनों आरोपियों के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।