साहिया। सनातन धर्म मंदिर प्रांगण में न्यू एकता एवं सांस्कृतिक मंच साहिया की ओर से आयोजित पांच दिवसीय रामलीला का रावण वध और श्रीराम के राज्याभिषेक के साथ विधिवत समापन हो गया। अंतिम दिन रामलीला के मंचन ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। इस दौरान मुख्य अतिथि भाजपा ग्रामीण के जिला उपाध्यक्ष अमर सिंह चौहान ने विभिन्न पात्रों और कलाकारों को सम्मानित किया।
स्वराज वर्मा और शांति प्रसाद वर्मा के निर्देशन में आयोजित रामलीला के पांचवें दिन का शुभारंभ अमर सिंह चौहान ने किया। उन्होंने रामलीला समिति को बेहतर मंचन के लिए 31 हजार रुपये की सहयोग राशि दी। उन्होंने कहा कि युवाओं को बढ़ते नशे से दूर रखने के लिए उन्हें रामलीला जैसे सांस्कृतिक आयोजनों से जोड़ना जरूरी है। भगवान श्रीराम का जीवन आदर्शों, मर्यादा और कर्तव्यनिष्ठा की सीख देता है। युवाओं को उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।
अंतिम दिन मंच पर हनुमान की ओर से लंका दहन, अंगद का रावण को चुनौती देना, लक्ष्मण मूर्छित, मेघनाद और कुंभकर्ण वध के बाद रावण वध के दृश्य प्रस्तुत किए गए। इसके बाद श्रीराम का राज्याभिषेक धूमधाम से मनाया गया।
इस दौरान समिति अध्यक्ष मंजीत कुमार, संरक्षक सुरेंद्र सिंह चौहान, भीमदत्त वर्मा, परम सिंह, वीरेंद्र लाल, सुभाष भाटी, ज्ञान सिंह और मोहन भाटी मौजूद रहे।