क्राइम लिटरेचर फेस्टिवल का दूसरा संस्करण भी देहरादून में आयोजित होगा। नवंबर में संभावित इस फेस्टिवल की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसमें एक बार फिर पुलिस अधिकारियों, अपराध साहित्य के जाने माने लेखकों और फिल्म निर्माताओं व लेखकों का जमावड़ा लगेगा। आयोजनकर्ता दून सांस्कृतिक और साहित्यिक सोसाइटी की ओर से फेस्टिवल में आने वाले मेहमानों की सूची भी जारी की है। तारीख का ऐलान दिल्ली में एक पत्रकार वार्ता में किया जाएगा।
पूर्व डीजीपी आलोक लाल ने बताया कि यह फेस्टिवल पॉप संस्कृति में अपराध, तकनीक और अपराध, और अपराध रोकथाम और जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण समकालीन मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करने के लिए आयोजित किया जा रहा है। यह फेस्टिवल लेखकों, फिल्म निर्माताओं, और कानून प्रवर्तन के लिए एक अनूठा अवसर है ताकि वे मिलकर एक सुरक्षित और अधिक जागरूक समाज के निर्माण की दिशा में प्रेरित कर सकें। पिछले साल नवंबर में ही इस फेस्टिवल का आयोजन किया गया था।
Iये हस्तियां पहुंचेंगी फेस्टिवल मेंI
फिल्म निर्देशक प्रकाश झा (गंगाजल और आश्रम फेम) और अनुभव सिन्हा (आर्टिकल 15 और आईसी-814 फेम), लेखक बने पुलिस अधिकारी जैसे कि के. विजय कुमार (पूर्व महानिदेशक, सीआरपीएफ और वीरप्पन: चेज़िंग द ब्रिगैंड के लेखक), नीरज कुमार (दिल्ली पुलिस के पूर्व आयुक्त और डायल डी फॉर डॉन के लेखक), कर्नैल सिंह (पूर्व निदेशक, प्रवर्तन निदेशालय और बाटला हाउस: एक एनकाउंटर जो राष्ट्र को हिला गया के लेखक), और नवनीत सिकेरा (अपर पुलिस महानिदेशक और वेब सीरीज़ भौकाल का प्रेरणा स्रोत) शामिल हैं। इनके अलावा, लेखक एस हुसैन जैदी (ब्लैक फ्राइडे और रॉ हिटमैन) और सुनैत्रा चौधरी (ब्लैक वारंट और बिहाइंड बार्स), पटकथा लेखक अविनाश सिंह तोमर, और पत्रकार निधि कुलपति भी उपस्थित होंगी।