-एक सितंबर को बालावाला क्षेत्र में स्कूटर सवार युवती को टक्कर मारकर किया था घायल
-पिछले दिनों अमर उजाला ने मीनाक्षी की अपील को किया था प्रमुखता से प्रकाशित
माई सिटी रिपोर्टर
देहरादून। बालावाला क्षेत्र में युवती को टक्कर मारकर घायल करने वाला स्कूटर सवार 60 दिन बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सीसीटीवी कैमरों में स्कूटर का नंबर नहीं आया था। ऐसे में पुलिस मैन्युअली स्कूटर सवार की तलाश कर रही थी। स्कूटर की टक्कर से युवती का पैर टूट गया था, जो अब भी बिस्तर पर है। युवती की पिछले दिनों पुलिस से की गई अपील को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि गत एक सितंबर को बालावाला में सुभाष चंद्र बोस एकेडमी के पास एक अज्ञात स्कूटर सवार ने तेजी से ओवरटेक करते हुए स्कूटर सवार युवती को टक्कर मारी थी। इस मामले में युवती मीनाक्षी सती के पिता पूर्णानंद सती निवासी नथुवावाला सिदि्ध विनायक कॉलोनी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया था। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में भी आई थी, लेकिन, इन कैमरों में इस लाल रंग के स्कूटर का रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं दिखाई दे रहा था। लिहाजा रायपुर पुलिस इस स्कूटर के संबंध में मैन्युअली जानकारी इकट्ठा कर रही थी। इस बीच पता चला कि घटनास्थल से एक किलोमीटर दूर भद्रकाली मंदिर से दाहिने रास्ते पर एक व्यक्ति के पास लाल रंग का स्कूटर होने की जानकारी मिली।
पुलिस ने जब स्कूटर को चेक किया तो देखा कि इसके बाएं साइड मिरर के नीचे स्क्रैच पड़ी थी। इसके साथ ही पिछले हिस्से में बड़ा गड्ढा भी था। स्कूटर का मिरर गायब था। सीसीटीवी फुटेज में जो स्कूटर आया था उससे यह मिलता-जुलता था। ऐसे में पुलिस ने स्कूटर को कब्जे में ले लिया। इस मामले में एफएसएल से रिपोर्ट और भौतिक परीक्षण के बाद साक्ष्यों का मिलान किया गया तो यह वही स्कूटर था, जिससे एक सितंबर की रात को घटना हुई थी। इसकी तस्दीक होने के बाद पुलिस ने स्कूटर चालक हिमांशु उनियाल निवासी भद्रकाली मंदिर के पास नथुवावाला को पकड़ लिया है। इसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।