406 करोड़ रुपये की यूलिप सीवर व पेयजल लाइन निर्माण योजना के तहत शहर में खोदी गईं आंतरिक सड़कें बनने लगी हैं। उत्तराखंड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी (यूयूएसडीए) का दावा है कि दिवाली से पहले सड़कों का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। त्योहारी सीजन के बाद मुख्य और आंतरिक बाजार क्षेत्र में पेयजल और सीवर लाइन बिछाने का कार्य शुरू होगा।
बीते वर्ष नवंबर माह में विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने विकासनगर में सीवर और पेयजल लाइन बिछाने के कार्य का शुभारंभ किया था। करीब 10 माह में योजना का 65 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है। कई क्षेत्रों में पेयजल और सीवर लाइन बिछाने के बाद बरसात शुरू हो गई थी। लोगों को कीचड़ और गड्ढों से भरी सड़क से गुजरना पड़ रहा था। विधायक के निर्देश पर कार्यदायी एजेंसी की ओर से सड़क पर रोड़ी की एक परत बिछाई गई थी। इससे मार्ग पर कीचड़ बनने की समस्या दूर हुई थी लेकिन पैदल चलने वाले लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा था। दोपहिया वाहन भी रपट रहे थे। छोटे वाहनों को भी काफी नुकसान पहुंच रहा था। सबसे अधिक परेशानी स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को हो रही थी। विधायक के निर्देश पर कार्यदायी एजेंसी ने बारिश थमते ही इसी सप्ताह से आंतरिक सड़कों का निर्माण शुरू कर दिया है। यूयूएसडीए के परियोजना प्रबंधक अमित सैनी ने बताया कि केसरी बाग, भगत सिंह कॉलोनी, अजीतनगर, दुर्गा विहार, अमन विहार, केसरी विहार में सड़कों का निर्माण चल रहा है। कुछ जगह कंक्रीट और कुछ स्थानों पर टाइल्स की सड़क बनाई जा रही है। उन्होंने बताया कि कार्यदायी एजेंसी को निर्देश दिए गए हैं कि दिवाली से पहले सड़कों का निर्माण किसी भी हालत पूरा कर लिया जाए। त्योहारी सीजन के समापन के बाद बाजार क्षेत्र में सीवर और पेयजल लाइन बिछाने का कार्य किया जाएगा।