पछवादून में 17 घंटों तक लगातार बारिश होने से क्षेत्र की नदियों का जलस्तर बढ़ गया। कई इलाकों में जगह-जगह जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। हरबर्टपुर में एक नाला चोक होने के कारण कब्रिस्तान में पानी भर गया।सोमवार की देर शाम सायं लगभग सात बजे शुरू हुआ बारिश का क्रम मंगलवार की दोपहर एक बजे तक जारी रहा। इस दौरान कभी तेज तो कभी हल्की बारिश होती रही। बारिश से विकासनगर, हरबर्टपुर, सहसपुर व सेलाकुई क्षेत्रों में बहने वाली प्रमुख आसन नदी के अलावा बरसाती नदियों व नालों में पानी का प्रवाह तेज हो गया। हालांकि, पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश नहीं होने के कारण यमुना नदी का जलस्तर प्रभावित नहीं हुआ। लेकिन, पछवादून में बहने वाली बरसाती नदियों व नालों पर बारिश का असर साफ दिखाई दिया। उधर, विकासनगर के सिनेमा गली, अटठाईस फिटा रोड, पंजाबी कालोनी, जौनसारी कॉलोनी, देवदत्त मार्ग, काॅलेज रोड आदि में जलभराव ने स्थानीय निवासियों की समस्याओं को बढ़ाया। ऐसी ही स्थिति क्षेत्र के जीवनगढ़, डाकपत्थर, नवाबगढ़, ढकरानी आदि गांवों में भी देखने को मिली। सड़कों पर पानी भर जाने से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।