- बरसात में जलभराव की आशंका से परेशान हो रहे क्षेत्रवासी
संवाद न्यूज एजेंसी
साहिया। समाल्टा मोटर मार्ग के साहिया तिराहे पर पानी की निकासी नहीं होने से बरसात का पानी लोगों के घरों में घुसता है। क्षेत्र में यह स्थिति पिछले पांच साल से बनी हुई है। स्थानीय निवासी आने वाली बरसात के मौसम को लेकर अभी से चिंतित नजर आ रहे हैं। उधर पांच साल से बंद नाली की मरम्मत व उसे पानी की निकासी के लायक बनाने के मामले में लोक निर्माण विभाग लापरवाह बना हुआ है।
साहिया समाल्टा मोटर मार्ग पर स्थित तिराहे पर पिछले पांच साल से जलभराव हो रहा है। बरसात के मौसम में पानी की निकासी नहीं होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। लगभग छह महीने पहले ग्रामीणों के विरोध करने पर लोनिवि के अधिकारियों ने जलभराव की समस्या का मौका मुआयना किया था। इसके बाद से अभी तक भी कोई कार्रवाई शुरू नहीं हुई है।
स्थानीय निवासी सुरेंद्र सिंह चौहान, मनोज गुप्ता, कपिल चौहान, मुकेश वर्मा, विजेंद्र सिंह चौहान, देवी लाल ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से मिलकर बरसात के पहले समस्या का समाधान कराए जाने की मांग की है। उधर, लोनिवि की अधिशासी अभियंता रचना थपलियाल ने बताया कि नाली के निर्माण के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है। जिसपर कार्रवाई गतिमान है। बजट स्वीकृत होते ही नाली का निर्माण कराया जाएगा।