शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए बाइपास मार्ग के रूप में कैनाल रोड का उपयोग किया जाता है। त्योहारी सीजन में इस बार भी बाजार आने वाले वाहनों को कैनाल रोड से ही निकाला जाएगा। लेकिन कैनाल रोड की बदहाल स्थिति इस व्यवस्था में बाधा बन सकती है। कैनाल रोड पर कई महीनों से निर्माण कार्य चल रहा है जो अब तक पूरा नहीं हो पाया है।
नगर के बाजार से सटा कैनाल रोड पिछले कई साल से बदहाल स्थिति में था, जिसे ठीक करने के लिए लगभग छह महीने पहले निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया था, जो अब तक पूरा नहीं हो पाया है। हालांकि सड़क का ग्रामीण इलाकों से सटा हिस्सा बनकर तैयार हो चुका है, लेकिन विकासनगर शहर के आसपास अभी निर्माण कार्य चल ही रहा है।
नगर पालिका बस स्टैंड से लेकर डाकपत्थर रोड चौराहे तक मार्ग पर कई स्थानों पर गहरे गड्ढे हैं और उनमें पानी भरा हुआ है, जिससे आवाजाही करने वालों को कठिन समस्याओं का सामना करना पड़ता है। सड़क के जगह-जगह क्षतिग्रस्त होने के कारण मार्ग पर दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। स्थानीय निवासी अरविंद शर्मा, विजय यादव और मंगत साहू का कहना है कि कैनाल रोड का जिस धीमी गति से निर्माण चल रहा है, उससे यह तो स्पष्ट है कि दीपावली तक मार्ग दुरुस्त नहीं हो सकेगा।
उन्होंने कहा लोक निर्माण विभाग की यह लापरवाही त्योहारी सीजन में वाहन चालकों व आम जनमानस को झेलनी ही पड़ेगी। उधर लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता हिमांशु नौटियाल ने बताया कि कैनाल रोड पर बहुत कम कार्य शेष रह गया है। विकासनगर में चल रहे सीवर व पेयजल लाइन निर्माण के चलते कार्य बाधित रहा है। कुछ स्थानों पर रोड के किनारे टाइल्स लगाने का कार्य चल रहा है और एक किलोमीटर के हिस्से में पेंटिंग की अंतिम परत बिछाई जानी है। सभी कार्यों को शीघ्र ही पूरा करा लिया जाएगा।