पुलिस रैंकर्स परीक्षा में धांधली संबंधी पोस्ट सोशल मीडिया पर डालने वाले को एसटीएफ से माफी मांगनी पड़ी। एसटीएफ ने जब इस पोस्ट के बारे में उससे साक्ष्य मांगे तो युवक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद उसने पोस्ट डिलीट कर दी।
पुलिस दरोगा भर्ती परीक्षा में धांधली सामने आने के बाद तमाम भर्तियों को लेकर बात हो रही है। दो दिन पहले फेसबुक पर पुलिस रैंकर्स परीक्षा के संबंध में भी इसी तरह की बात लिखी गई थी। एक युवक ने किसी कमेंट के जवाब में लंबी पोस्ट की थी। फेसबुक पर इस पोस्ट की तहकीकात एसटीएफ ने की तो पता चला कि यह उत्तरकाशी के एक युवक का अकाउंट था।
एसटीएफ ने उससे इस संबंध में साक्ष्य मांगे। लेकिन, इससे पहले ही उसने पोस्ट डिलीट कर दी। इसके बाद युवक ने लिखित रूप से एसटीएफ से इस पोस्ट के संबंध में माफी मांगी। एसटीएफ के एसएसपी आयुष अग्रवाल ने बताया कि सोशल मीडिया की लगातार निगरानी की जा रही है। इस तरह की पोस्ट लिखने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। भ्रामक पोस्ट लिखने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जा रही है।