उत्तराखंड में बारिश-बर्फबारी न होने से सूखी ठंड जमकर परेशान कर रही है। आलम यह है कि कोहरा छाए रहने से मैदानी इलाकों की रातें पहाड़ की तुलना में अधिक सर्द हो रही हैं। यही वजह है कि पर्वतीय इलाकों का न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक और मैदानों में सामान्य से कम दर्ज किया गया।
प्रदेश भर में शुक्रवार को दिन भर चटक धूप खिलने से अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहा। हालांकि मैदानी इलाकों में रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। आंकड़ों पर नजर डाले तो दून में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिकतम के साथ 21.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जबकि रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री गिरावट के साथ 5.6 डिग्री रहा। जबकि इसके उलट पर्वतीय इलाके मुक्तेश्वर और नई टिहरी में न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर रिकॉर्ड किया गया। शनिवार के मौसम की बात करें तो मैदानी जिले हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिले के कुछ हिस्साें में घना कोहरा छाए रहने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि पर्वतीय जिले उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी होने की संभावना है। खासकर 3400 मीटर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने के आसार हैं। आने वाले दिनों की बात करें तो 21 जनवरी तक प्रदेश भर में मौसम का मिजाज कुछ इस तरह ही रहने की संभावना है।