भारत और पाकिस्तान की जंग के बीच पछवादून के मुस्लिम समुदाय ने कौमी एकता का बड़ा संदेश दिया है। मुस्लिम समुदाय ने जुमे की नमाज अदा कर जंग में सैनिकों के जज्बे और देश की जीत के लिए दुआ मांगी। कहा कि इस बार भारत पाकिस्तान पर पहले से भी बड़ी जीत हासिल करेगा।
शुक्रवार को जुमे पर मुख्य बाजार स्थित जामा मस्जिद में अदा की गई नमाज की पूरे शहर में चर्चा रही। मुस्लिम समुदाय ने कौमी एकता को बढ़ावा देते हुए जंग में अपने देश की जीत और सैनिकों की हिफाजत को सर्वोच्च स्थान देते हुए नमाज अदा कर उनके लिए दुआ मांगी।
जामा मस्जिद के इमाम मुफ्ती जुबैर अहमद ने कहा कि सुकून और इत्मीनान के साथ जुमे की नमाज अदा की गई। जंग में हमारे सैनिकों के जज्बे के लिए दुआ मांगी गई। सभी ने मुल्क, आवाम और सेना की हिफाजत और तरक्की की दुआ की।
कहा कि हमारी सेना ने पहले भी बड़े कारनामे किए हैं। इस बार सेना पहले से भी बड़े कारनामे को अंजाम देकर पाकिस्तान को करारा जवाब देने का काम करेगी। हम लगातार सैनिकों और उनके परिवार की सलामती की दुआ कर रहे हैं। हमें पूरा भरोसा है कि देश के सैनिक बड़ी जीत हासिल कर वापस लौटैंगे।
जामा मस्जिद के मुतवल्ली खालिद मंसूरी ने कहा कि देश के सभी समुदाय के लोग एक हैं। जो भी हमारे मुल्क के साथ नापाक हरकत को अंजाम देने का प्रयास करेगा, उसे इस तरह ही घर में घुसकर करारा जवाब दिया जाएगा। कहा कि भारत की सेना इस बार ऐसा जवाबी हमला कर रही है कि पाकिस्तान को भी अपनी गलती का एहसास हो रहा है। लेकिन, अब पाकिस्तान के लिए बहुत देर हो चुकी है। भारत की जीत तय है।
इस दौरान असलम मंसूरी, यासीन मिर्जा, राशिद कुरैशी, विक्की शमशाद, मुस्तकीम मंसूरी, गफ्फार अहमद, बिलाल कुरैशी, सलमान कुरैशी आदि उपस्थित रहे।