कालसी- चकराता मोटर मार्ग पर सैंज गांव के पास खाई में गिरा लोडर। स्रोत : जागरूक पाठक
कालसी-चकराता मोटर मार्ग पर सैंज गांव के पास सामने से आ रही कार को बचाने के चक्कर में लोडर अनियंत्रित होकर 200 मीटर गहरी खाई में गिर गया। दुर्घटना में विकासनगर के अंबाड़ी निवासी लोडर चालक प्रदीप भंडारी गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल को खाई से निकालकर अस्पताल भिजवाया। सीएचसी साहिया में प्राथमिक उपचार के बाद चालक को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी कालसी दीपक धारीवाल ने बताया कि लोडर चालक विकासनगर से चकराता की ओर जा रहा था। हादसे के बाद ग्रामीण राजेंद्र तोमर, सुरेश तोमर, महावीर तोमर, केसर तोमर आदि ने घायल चालक को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया। चालक ने बताया कि सामने से एक कार तेज रफ्तार में आ रही थी। उसे बचाने के चक्कर में लोडर अनियंत्रित होकर खाई की ओर चला गया। संवाद