सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का धरना जारी
बिना लिखित आश्वासन के धरनास्थल छोड़ने से इंकार
दांवापुल खारसी मोटर मार्ग को लेकर द्वार और बिशलाड़ खत के ग्रामीणों का अनिश्चितकालीन धरना तीसरे दिन भी जारी है। हालांकि मंगलवार रात को बारिश के चलते ग्रामीण को परेशानी हुई। अधिकारी और जनप्रतिनिधि ग्रामीणों को मौखिक आश्वासन दे रहे हैं, पर ग्रामीण बिना शासन प्रशासन के लिखित आश्वासन के धरना स्थल छोड़ने के लिए तैयार नहीं है।
बुधवार को ग्रामीण पूरे दिन लोक निर्माण विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। मंगलवार रात को तंबू में सो रहे प्रदर्शनकारियों को बारिश के चलते परेशानियों का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग कार्यालय के बरामदे में बैठकर रात बिताई। युवा संगठन खत द्वार के अध्यक्ष राकेश भट्ट, विक्रम नेगी, हरीश शर्मा ने कहा दो दिनों से ग्रामीण अपने हक की मांग के लिए धरना प्रदर्शन कर रहें है, लेकिन शासन प्रशासन का कोई आला अधिकारी मोटर मार्ग की वित्तीय स्वीकृति के लिए लिखित आश्वासन नहीं दे रहा है।
कहा कि जब तक लिखित आश्वासन नहीं मिलता वह धरना समाप्त नहीं करेंगे। प्रदर्शन करने वालों में बलवीर नेगी, अमित चौहान, अमर सिंह, नरेश भट्ट, प्रीतम नेगी, महाबल नेगी, अर्पित जोशी आदि शामिल रहे।
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज से की मुलाकात
मोटर मार्ग के डामरीकरण को लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान ने कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज से देहरादून में उनके कैंप कार्यलय में मुलाकत कर मोटर मार्ग की वित्तीय स्वीकृति दिलाने की मांग की। कैबिनेट मंत्री ने अपेक्षित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान जिला पंचायत संदस्य मीरा जोशी भी मौजूद रहीं।
मुख्य सचिव और लोक निर्माण विभाग के सचिव कों कराया अवगत
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रामशरण नौटियाल ने बताया कि बुधवार कों मुख्य सचिव और लोक निर्माण विभाग सचिव से मुलाकात कर उनको सड़क के डामरीकरण की मांग से अवगत करवाया। बताया कि लोनिवि सचिव ने उन्हें नाबार्ड की योजना से वित्तीय स्वीकृति दिलाने का भरोसा दिलाया है।