कांग्रेस नेता और रियल एस्टेट कारोबारी राजीव जैन के प्रतिष्ठानों पर आयकर विभाग की कार्रवाई बुधवार को भी जारी रही। दिल्ली से आई टीम ने मंगलवार को उनके घर और प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई शुरू की थी। इस दौरान टीम ने उनके पड़ोसी की छत से दस्तावेज से भरा बैग भी बरामद किया था। इस बैग को जैन के परिवार ने ही पड़ोसी की छत पर फेंका था।
इसके अलावा एक अन्य कारोबारी मनीष लुंबा के प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई के दौरान भी आयकर विभाग की टीम को बहुत से दस्तावेज हाथ लगे हैं। बताया जा रहा है कि लुंबा के प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई बंद हो गई है। जबकि, जैन के यहां यह कार्रवाई बुधवार को भी जारी रही। बता दें कि मंगलवार तड़के करीब चार बजे दर्जनों गाड़ियों में आयकर विभाग की दिल्ली मुख्यालय की टीम जैन के घर पहुंची थी। उस वक्त जैन परिवार नींद में था। एकाएक वहां सुरक्षा कर्मियों के साथ आए अधिकारियों को देखकर हड़कंप मच गया। आसपास के लोग भी तमाम तरह की चर्चाएं करने लगे। इस बीच, टीम जैन के फार्महाउस के शोरूम और प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करती रही।
यहां कार्रवाई के बाद कुछ बैग में भरकर दस्तावेज आयकर विभाग की टीम अपने साथ ले गई। इसी बीच जैन परिवार ने कार्रवाई के दौरान एक बैग को पड़ोसी की छत पर फेंक दिया था। टीम ने वहां से यह बैग बरामद कर लिया है। सूत्रों के मुताबिक इस बैग में तमाम तरह के दस्तावेज रखे हुए हैं। इनमें कई दस्तावेज विभिन्न जमीनों से संबंधित हैं। सूत्रों ने बताया कि राजीव जैन का नाम लुंबा के नोएडा ऑफिस में भी चल रही कार्रवाई के दौरान सामने आया था। इसके बाद से ही टीम लगातार उन पर नजर बनाए हुई थी। जैन के बड़े राजनीतिक रसूख की वजह से इस कार्रवाई की चर्चा पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के कार्यकाल से भी जोड़कर हो रही है। राजीव जैन के प्रतिष्ठानों पर वर्ष 2017-18 में भी आयकर विभाग की कार्रवाई हुई थी।