विकासनगर। पहली पत्नी के होते हुए दूसरी शादी के लिए फेरों की तैयारी करना हरियाणा निवासी एक दूल्हे को भारी पड़ गया। पुलिस दूल्हे को शादी समारोह से उठाकर अपने साथ कोतवाली ले आई। जहां पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि हरियाणा निवासी एक व्यक्ति पहली पत्नी के होते हुए दूसरी शादी की तैयारी में लगा हुआ है। उसकी शादी शनिवार को ही क्षेत्र में रहने वाली एक लड़की से होनी है। जिस पर पुलिस ने शादी समारोह में पहुंचकर दूल्हे को हिरासत में ले लिया। जिसके बाद वह उसे अपने साथ कोतवाली ले आई। जहां पूछताछ में युवक ने बताया कि उसकी पहली पत्नी से कोई संतान नहीं है। पहली पत्नी की रजामंदी के बाद ही वह दूसरी शादी कर रहा है। जिस युवती से उसकी शादी हो रही है उसे भी पहली पत्नी के बारे में सब पता है। लेकिन उसकी पहली पत्नी के परिजनों को ये शादी मंजूर नहीं है। उनका कहना है कि वह पहली पत्नी को तलाक दिए बिना दूसरी शादी नहीं कर सकता। उसे झूठे आरोप लगाकर फंसाया जा रहा है।
वहीं कोतवाल प्रदीप बिष्ट ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।