-कहा, इन खिलाड़ियों का प्रदर्शन अन्य के लिए प्रेरणास्त्रोत
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। लोक भवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) से बुधवार को उत्तराखंड यूनाइटेड दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के सदस्यों ने शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने राज्यपाल को बताया कि भारतीय व्हीलचेयर क्रिकेट टीम ने हाल ही में भोपाल (मध्यप्रदेश) में आयोजित अंतरराष्ट्रीय टी-20 प्रतियोगिता में भारत, श्रीलंका एवं नेपाल के मध्य हुए मुकाबलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए फाइनल में श्रीलंका को पराजित कर विजेता बनी। इस उपलब्धि में उत्तराखंड यूनाइटेड दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन से जुड़े तीन खिलाड़ियों कप्तान मनोज परमार, विकास लांबा और हरेन्द्र सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इस अवसर पर राज्यपाल ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ियों का यह उत्कृष्ट प्रदर्शन आत्मविश्वास, संकल्प और कड़ी मेहनत का प्रतीक है। यह प्रदेश एवं देश के अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। राज्यपाल ने विश्वास व्यक्त किया कि दिव्यांग खिलाड़ी भविष्य में भी प्रदेश एवं देश का नाम राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर रोशन करते रहेंगे। इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष गणेश साह सहित प्रतिभागी खिलाड़ी उपस्थित थे।