मुख्यमंत्री ने प्राथमिक के 1035 चयनित शिक्षकों को दिए नियुक्ति पत्र
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। सरकार किसी को युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ नहीं करने देगी। यह कहना है मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का। मुख्यमंत्री ने यह बात यहां दून मेडिकल काॅलेज में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में प्राथमिक के 1035 चयनित शिक्षकों को नियुक्ति पत्र देते हुए कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पिछले साढ़े चार वर्षों में 28 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। यह केवल आंकड़ा नहीं बल्कि हमारे युवाओं के आत्मसम्मान की जीत है। इन साढ़े चार वर्षों में जितनी नौकरियां युवाओं को मिलीं, वह राज्य गठन के बाद और पूर्ववर्ती सरकारों के समय से दो गुना से अधिक है। पुलिस में भी जल्द दो हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। सीएम ने उम्मीद जताई कि सभी नवनियुक्त शिक्षक राज्य में शिक्षा का स्तर बेहतर करने में अहम भूमिका निभाएंगे। नियुक्ति पाने वाले शिक्षकों के कंधों पर आज से उत्तराखंड के भविष्य को संवारने की अहम जिम्मेदारी आ गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब किसी बच्चे को गुणवत्तापूर्ण और संस्कारयुक्त शिक्षा मिलती है, तो वह केवल अपना जीवन ही नहीं संवारता बल्कि समाज और राष्ट्र के निर्माण में भी अमूल्य योगदान देता है। शिक्षक देश के उज्ज्वल भविष्य के शिल्पकार हैं। जो बच्चों को उत्कृष्ट शिक्षा देने के साथ-साथ उनमें समाज, संस्कृति और राष्ट्र के प्रति कर्तव्य की भावना विकसित करें, जिससे वे शिक्षा के साथ संस्कारवान और जिम्मेदार नागरिक भी बनें। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि पिछले साढ़े चार साल में शिक्षा विभाग में 11 हजार 500 से अधिक नियुक्तियां प्रदान की गई हैं। तीन हजार 500 से अधिक विभिन्न पदों पर भर्ती प्रक्रिया गतिमान है। राज्य में शिक्षा में नवाचार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में शिक्षा महानिदेशक दीप्ति सिंह, निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. मुकुल कुमार सती, निदेशक प्राथमिक शिक्षा अजय नौडियाल, निदेशक अकादमिक शोध एवं प्रशिक्षण वंदना गर्ब्याल, अपर निदेशक कंचन देवराड़ी उपस्थित रहे।