चुनाव से पहले जिले में अपराधियों और संगठित गिरोहों के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। वर्ष 2026 के पहले पांच माह में देहरादून पुलिस ने 25 अपराधियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई कर उनकी गतिविधियों पर शिकंजा कसा है। हाल ही में जिले के चार अलग-अलग गिरोहों पर भी गैंगस्टर एक्ट के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आदतन अपराधियों की लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस ने जनवरी से मई 2026 के बीच 450 से अधिक आदतन अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि चोरी, लूट, नशा तस्करी, मारपीट और अन्य संगठित अपराधों में संलिप्त गिरोहों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही अपराधियों की संपत्तियों की जांच और आवश्यक होने पर कुर्की की कार्रवाई भी की जा रही है। एसएसपी के अनुसार, पुलिस का उद्देश्य केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि संगठित अपराध की आर्थिक कमर तोड़ना भी है। इसके लिए थाना स्तर पर हिस्ट्रीशीटरों और सक्रिय अपराधियों की नियमित समीक्षा की जा रही है।
Iहाल ही में इनके खिलाफ हुई कार्रवाई
I
1
. बिल्डर पुनीत अग्रवाल (रायपुर थाना क्षेत्र) : सहस्त्रधारा रोड स्थित एटीएस कॉलोनी के विवादित बिल्डर पुनीत अग्रवाल पर डीआरडीओ के वरिष्ठ वैज्ञानिक और उनके परिवार पर जानलेवा हमला करने, महिलाओं-बुजुर्गों से अभद्रता, दीपावली पर पिस्तौल तानने, और धोखाधड़ी के पांच से अधिक गंभीर मामले दर्ज थे। जिला मजिस्ट्रेट ने स्वतः संज्ञान लेते हुए पुनीत अग्रवाल को गुंडा घोषित किया। 19 मई 2026 को उसे छह महीने के लिए जिला बदर करने के निर्देश हुए। हालांकि वह जिला बदर का आदेश होने के बाद से ही फरार है।
2. विकासनगर के दो कुख्यात हिस्ट्रीशीटर :
विकासनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले दो आदतन और कुख्यात अपराधियों राहुल और आसिफ के खिलाफ लंबे समय से चोरी, डकैती, मारपीट और आर्म्स एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज थे, जिससे क्षेत्र में लगातार भय का माहौल था। जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर विकासनगर पुलिस ने दोनों अपराधियों को कड़ा संदेश देते हुए ढोल-नगाड़ों और सार्वजनिक मुनादी के साथ छह महीने के लिए जिला बदर कर दिया।
3. संदीप उर्फ संजू जिला बदर :
आरोपी संदीप उर्फ संजू के खिलाफ आर्म्स एक्ट और गंभीर मारपीट सहित कुल 12 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे। पुलिस ने ढोल बजाकर क्षेत्र में मुनादी कराई और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए उसे छह महीने की अवधि के लिए जनपद की सीमा से बाहर निष्कासित किया।
4. प्रेमनगर क्षेत्र में अपराधियों पर जिला बदर की तैयारी : पौंधा रोड पर चेकिंग के दौरान संदिग्ध थार गाड़ी से समर्थ और ऋषभ गोस्वामी नाम के दो शातिर अपराधियों को अवैध देसी तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया। ये दोनों आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज करने के साथ ही इन्हें गुंडा एक्ट के तहत जिला बदर (तड़ीपार) करने की फाइल जिला मजिस्ट्रेट को भेजकर कार्रवाई शुरू कर दी है।