भू-धंसाव के कारण बंद हुए साहिया-समाल्टा मोटर मार्ग को यातायात के लिए खोलने की कवायद जारी है। उधर सोमवार की देर शाम तक भी मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए नहीं खोला जा सका। मार्ग पर ग्रामीण पैदल आवाजाही कर रहे हैं।
साहिया पाटन क्षेत्र में सड़क की मिट्टी धंस जाने और दरारें पड़ जाने के कारण मोटर मार्ग को बंद कर दिया गया था, जिसके चलते समाल्टा, फटेऊ, ईच्छला, माटला, बराड, मलेथा, दातनु, बडनु, पानुवा, बमराड, पाटा, झूसोऊ, भाखरोऊ, मांख्टी, डामटा, ददोली, दोहा, झूसोऊ, मटियावा, बढोडा, खोखटी मरलोऊ समेत पचास गांवों की आवाजाही ठप हो गई थी।
मौसम खुलने के बाद रविवार को लोक निर्माण विभाग ने मार्ग पर एलएनटी मशीन से सड़क को ठीक करने का काम शुरू कर दिया था जो सोमवार को भी जारी रहा। लोनिवि के अधिशासी अभियंता प्रत्यूष कुमार ने बताया कि मार्ग को यातायात के लिए खोलने के लिए विभाग हर संभव प्रयास कर रहा है। उम्मीद है कि मंगलवार की देर शाम तक मार्ग को चालू करा लिया जाएगा।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने किया दौरा
साहिया क्षेत्र के ग्राम खमरौली पंहुची जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान ने आपदा से हुए नुकसान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को बाढ़ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कराए जाने का भरोसा दिलाया। निरीक्षण के दौरान ब्लाॅक प्रमुख मठोर सिंह चौहान, भगत सिंह तोमर, गुमान सिंह, राजेंद्र सिंह, अर्जुन सिंह राठौर मौजूद रहे।