ग्रामीणों ने दी उपकेंद्र के घेराव की चेतावनी
कालसी तहसील क्षेत्र के राज रानी पंचायत के गांवों की बिजली की लाइन और पोल जर्जर हो चुकी है। करीब 40 वर्ष पूर्व बिजली की लाइन डाली गई थी। जर्जर तारों और पोल के चलते आए दिन लाइन में फॉल्ट हो रहा है। दिन हो या रात कभी भी गांवों की बिजली गुल हो जाती है।
ग्राम पंचायत रानी गांव के विनोऊ, बन्तोऊ और रानी गांव में करीब 44 परिवार रहते हैं। यहां आए दिन होने वाली अघोषित बिजली कट से ग्रामीण परेशान है। ग्राम प्रधान नेपाल सिंह नेगी, मोहर सिंह नेगी, सरदार सिंह तोमर, गजेंद्र सिंह, सूरत सिंह, परम सिंह आदि ने बताया कि जर्जर बिजली की लाइन और पोल को बदलने के लिए कई बार ऊर्जा निगम के अधिकारियों को पत्र लिखा जा चुका है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो पा रही है।
बताया कि तीनों गांवों में आए दिन लाइन में फॉल्ट आ जाने से बिजली गुल हो जाती है। ग्रामीणों ने कहा कि अगर जल्द ही लाइन और पोल नहीं बदले गए तो विद्युत उपकेंद्र का घेराव किया जाएगा। वहीं ऊर्जा निगम के जेई परम सिंह चौहान ने बताया कि बिजली लाइन और पोल को बदलने के लिए प्रस्ताव आया था। प्रस्ताव को उच्चाधिकारियों को भेजा जा चुका है। बताया कि विनोऊ गांव में लाइन बदलने की स्वीकृति मिल गई है। शेष दो गांवों की भी स्वीकृति मिलते ही काम शुरू कर दिया जाएगा।