जिलाधिकारी डॉ. आर. राजेश कुमार ने सर्वे चौक से चूना भट्टा रायपुर तक के मोटरमार्ग की स्थिति पर असंतोष जताया। जिलाधिकारी ने सर्वे चौक से 750 मीटर तक ड्रेनेज सिस्टम निर्माण से लोगों को आवागमन में हो रही दिक्कतों को भी देखा। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की स्थिति में तत्काल सुधार लाया जाए।
डीएम डॉ. आर. राजेश कुमार ने शनिवार को विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सड़कों पर इधर-उधर रखी सामग्री, जगह-जगह खुले गड्ढे और चोक हुई नालियों पर नाराजगी जाहिर की। लोनिवि के अधिकारियों ने व्यवस्थित तरीके से कार्य करने के साथ ही चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों को जगह-जगह खोदकर दुर्घटना जोन न बनाएं, बल्कि योजनाबद्ध तरीके से कार्यों को त्वरित गति से पूर्ण करें। लोनिवि के अभियंताओं को ड्रेनेज सिस्टम निर्माण से सड़क पर लगे मलबे के ढेरों को तत्काल बिछाने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी 15 दिन में सड़क के साथ ही ड्रेनेज सिस्टम कार्य पूरा करने को कहा। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि ड्रेनेज सिस्टम से कई स्थानों पर गड्ढे हो गए हैं। इसे देखते हुए उन्होंने तत्काल गड्ढे भरवाने का कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। इस दौरान एक स्थान पर ड्रेनेज सिस्टम के अलावा पेयजल लाइन के लिए रखे गए पाइपों को तत्काल जोड़ने के निर्देश जिलाधिकारी ने दूरभाष के माध्यम से जल संस्थान के अभियंता को दिए। जिलाधिकारी ने आयुध निर्माणी संस्थान से आगे रायपुर मार्ग पर नालियां चोक होने से सड़क पर जलभराव की समस्या के तत्काल निस्तारण करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर गोपाल राम बिनवाल, तहसीलदार सदर दयाराम, अधिशासी अभियंता लोनिवि डीसी नौटियाल, अधिशासी अभियंता लोनिवि ऋषिकेश विपुल सैनी आदि विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।