जिले में अमृत सरोवरों को दोबारा से संवारा जाएगा। ऐसे सभी तालाबों की सूची तैयार होगी जो फिलहाल खस्ता हालत में हैं। खस्ताहाल अमृत सरोवरों की मरम्मत और सौंदर्यीकरण होने से पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
दून में अमृत सरोवर योजना के तहत 108 तालाब का निर्माण हुआ था। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जिले में वर्ष 2021-22 से मार्च 2023 तक 84 का ग्राम्य विभाग और 24 तालाबों का निर्माण वन विभाग की ओर से कराया गया है। हालांकि विभाग को योजना के तहत 75 तालाबों के निर्माण का लक्ष्य मिला था। ग्राम्य विभाग ने योजना में रूचि देखते हुए लक्ष्य से कहीं ज्यादा तालाबों का निर्माण कराया।
अधिकारियों ने बताया कि कई ग्राम पंचायतों में अमृत सरोवरों की खस्ताहाल को लेकर जानकारी मिली है। लेकिन, अब इन खस्ताहाल अमृत सरोवरों को दोबारा संवारने का कार्य किया जाएगा। ऐसे सभी तालाबों की सूची तैयार होगी, जिनकी मरम्मत और सौंदर्यीकरण होना है। अमृत सरोवरों को मनरेगा योजना के माध्यम से संवारा जाएगा। तालाबों की मरम्मत और चारों ओर छायादार पौधों को भी लगाया जाएगा। इसके लिए आगामी दिनों में कार्ययोजना तैयारी की जाएगी।
-
खस्ताहाल अमृत सरोवरों को दोबारा संवारने का कार्य किया जाएगा। पहले ऐसे सभी तालाबों की सूची बनाई जाएगी। मनरेगा के माध्यम से कार्य कराया जाएगा। - सुनील कुमार, डीडीओ, देहरादून