देहरादून। कांग्रेस ने केदारनाथ, राम मंदिर और सेना के जवानों के मामले में भाजपा पर निशाना साधा। पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने आरोप लगाया इससे भाजपा का असली चरित्र जनता के सामने आ चुका है।
धस्माना ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड के प्रसिद्ध केदारनाथ धाम मंदिर के गर्भ गृह से सोना चोरी हुआ। जो देश और दुनिया के करोड़ों सनातनियों की आस्था पर सीधा हमला है। इसके बाद, उन्होंने अयोध्या स्थित राम मंदिर से जुड़े आरोपों का जिक्र किया। धस्माना के अनुसार, राम मंदिर ट्रस्ट के लोगों ने कई सौ करोड़ रुपये, सोना और चांदी के चढ़ावे में गड़बड़ी की। इसके अलावा सेना के छह जवानों की शहादत को महीनों तक छुपाया गया। उन्होंने यह भी कहा कि संसद में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर में किसी सैनिक के शहीद न होने की बात कही थी। इन सभी घटनाओं को धस्माना ने भाजपा का असली चरित्र बताया। उन्होंने कहा कि देश की जनता अब सच्चाई जानने लगी है।
-
कांग्रेस का प्रदेशव्यापी अभियान
देहरादून। कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा, उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस ने इन आरोपों को जनता के बीच ले जाने का संकल्प लिया है। आगामी दिनों में पार्टी प्रदेशव्यापी कार्यक्रम आयोजित करेगी। कार्यक्रमों में इन मुद्दों को जनता के बीच जोर-शोर से उठाएंगे। इसका उद्देश्य भाजपा के कथित कारनामों को उजागर करना और जनता को जागरूक करना है।